घर पीछे की दीवार जहां से बदमाश घर में घुसे
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में कंपिल थाना क्षेत्र के रुदायन गांव में बुधवार की रात कच्छा-बनियान पहने असलहाधारी डकैतों ने तीन घरों में जमकर लूटपाट की। करीब छह की संख्या में आए बदमाशों ने दो घरों में लोगों को लहूलुहान कर दिया और लाखों रुपये के व नगदी लूटकर भाग निकले। पुलिस ने छानबीन की, लेकिन डकैतों का कोई सुराग नहीं मिल सका। चारों घायलों को सीएचसी से लोहिया अस्पताल भेजा गया है।
रुदायन निवासी फतेह सिंह अपनी पत्नी सुशीला के साथ छत पर सोए थे। रात साढ़े बारह बजे बदमाश पीछे की दीवार फांदकर घुसे और कमरों के ताले तोड़ दो हजार रुपये व डेढ़ लाख के जेवर लूट ले गए। इसके बाद बीस कदम की दूरी पर टेंट कारोबारी उमेश यादव पुत्र जाहर सिंह के घर में दीवार फांदकर घुसे। उमेश उनकी पत्नी अनीता यादव, बेटा अंशुल (10), बेटी राधिका (2) और गौरी (5) बरामदे में सो रहे थे। अनीता की चारपाई पर तकिये के नीचे रखी चाबी उठाकर बदमाशों ने कमरों के ताले खोले।
ग्रामीणों ने फायरिंग की तो बदमाश घर के मेन गेट से भाग गए
बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
तीन बदमाश अनीता व उमेश की चारपाइयों के पास ही खड़े रहे। कमरों में बक्सों और अलमारी के ताले तोड़ने की आवाज सुन अनीता जागी तो बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर चुप रहने के बाद उसने शोर मचा दिया। इससे उमेश भी जाग गए। बदमाशों ने दोनों को डंडों, सरिया व धारदार हथियार से हमला कर अधमरा कर दिया। ग्रामीणों के एकत्र होने से पहले ही बदमाश एक लाख रुपये और तीन लाख के जेवर लूट ले गए।
इसके बाद बदमाश गांव की दक्षिण में चूड़ी व्यापारी अली हसन उर्फ पप्पू पुत्र लाल मोहम्मद के घर घुसे। पप्पू व उनकी पत्नी फातिमा बरामदे में सोए थे। बेटा शानू व उसकी पत्नी तइवा छत पर बने कमरे में थे। बदमाश दीवार फांदकर अंदर गए। एक कमरे के ताले तोड़ दिए। खटपट की आवाज सुन पप्पू व फातिमा जाग गए और शोर मचा दिया। इस पर बदमाशों ने दोनों को डंडों, सरिया व धारदार हथियार से लहूलुहान कर दिया। शोर सुन मोहल्ले के सोने लाल व शानू जाग गए।
ग्रामीणों ने फायरिंग की तो बदमाश घर के मेन गेट से भाग गए। सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ एएसपी त्रिभुवन सिंह मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि फतेह सिंह ने मामले की तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।