यूपी के फर्रुखाबाद जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर निकले प्रभारी मंत्री चेतन चौहान के स्टीमर से कायमगंज के पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार की मोटर बोट टकरा गई। इससे दोनों का ही संतुलन बिगड़ गया। जैसे तैसे स्टीमर को पलटने से बचाया गया। स्टीमर पर जिलाधिकारी मोनिका रानी के साथ कई अन्य लोग भी बैठे थे।
प्रभारी मंत्री चेतन चौहान बृहस्पतिवार को डीएम, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह व पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार आदि के साथ अमृतपुर के बाढ़ ग्रस्त इलाके में पहुंचे। मुख्यालय से पट्टी भरखा गांव तक कार से जाने के बाद जसूपुर गड़िया गांव तक करीब दो किलोमीटर की दूरी स्टीमर से तय की। कई स्टीमर व नावों में अधिकारी, भाजपा नेता व मीडिया कर्मी साथ गए।