यूपी के कन्नौज जिले में एडीजे की पत्नी को बीते कई दिनों से फोन पर जान से मारने की धमकी मिल रही है। एडीजे ने सदर कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। साइबर क्राइम की टीम ने मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम न्यायाधीश संजीव तिवारी ने सोमवार को सदर कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एडीजे ने बताया कि उनकी पत्नी सुनीता तिवारी को पांच जुलाई और सात जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी। इससे उनके परिवार में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।
कोतवाली पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज करने के बाद साइबर क्राइम और सर्विलांस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू की है। प्रभारी सदर कोतवाली अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी के मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।