इटावा और लखनऊ जाने वाले दैनिक यात्रियों के लिए खुशखबरी है। कानपुर में मेमू शेड (ट्रेन खड़ी करने का स्थान) बन गया है। अब मार्च से कानपुर सेंट्रल पर मेमू ट्रेन समय से मिलेगी। अभी इसे यहां खड़ी करने की व्यवस्था न होने से यह लखनऊ से आती थी। इससे आधा-एक घंटे तक अक्सर लेट होती थी। इससे दैनिक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उधर, रेल अफसरों का कहना है कि मेमू शेड बनने से कानपुर को एक और मेमू ट्रेन मिलने की उम्मीद है। इसे प्रस्तावित झांसी या इलाहाबाद रूट पर चलाया जाएगा। हालांकि अभी इसका फैसला नहीं हुआ है।
झकरकटी ओल्ड वाशिंग लाइन में मेमू शेड बनाया गया है। रेल अफसरों के मुताबिक इसके निर्माण के लिए विभाग में 80 लाख रुपये आवंटित किए गए थे। दो महीने में 50 लाख रुपये की लागत से यह शेड बनकर तैयार हो गया है। इसका काम 15 दिसंबर से शुरू हुआ और 16 फरवरी को खत्म हो गया। यहां दो मेमू ट्रेन (12-12 कोच वाली) खड़ी हो सकेंगी। यहां पर मेमू ट्रेनों की सफाई भी हो सकेगी। जल्द ही सेंट्रल स्टेशन से शेड तक ट्रेन को लेकर जाकर इसका ट्रायल किया जाएगा। इस शेड के बनने से एक और मेमो ट्रेन मिलना तय माना जा रहा है लेकिन इस ट्रेन को किस रूट पर चलाया गया है, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है।