दादा नगर रेलवे क्रासिंग के पास झांसी रेलवे लाइन की पटरी दोबारा टूट गई जिसके चलते दो घंटे तक मार्ग बाधित रहा और कई ट्रेनें लेट हुईं।
गुरुवार को पटरी चटक गई थी, लेकिन राहगीर की सूचना पर बड़ा हादसा टल गया। गुरुवार को ही रेलवे कर्मियों ने क्लैंप लगाया, पर काशन से ट्रेनें गुजारते समय वह भी टूट गया।
झांसी से सेंट्रल स्टेशन आ रही अप लाइन पर गुरुवार को सुबह दादा नगर रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे पटरी चटक गई। दोपहर तक उसी हालत में ट्रेनें गुजरने से पटरी में दरार बढ़ गई और हादसे की आशंका हो गई।
दोपहर करीब एक बजे एक राहगीर ने यह देखा तो तुरंत गेटमैन वंशराज को सूचना दी। गेटमैन ने रेलवे कंट्रोल के माध्यम से इलाहाबाद डिवीजन को सूचना दी।
रेलवे अफसर और कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। रेलवे अफसरों के अनुसार गुरुवार को तीन घंटे का ब्लाक लेकर ट्रैक की मरम्मत की गई थी।
चिटके हिस्से को क्लैंप लगाकर जोड़ा गया था। इसके बाद वहां से काशन लेकर (न्यूनतम रफ्तार) गाड़ियां गुजारी गईं। शुक्रवार को दोपहर बाद क्लैंप भी टूट गया।
इसका पता चलते ही शाम साढ़े तीन बजे वहां ब्लाक लिया गया। इस ट्रैक से ट्रेनों का आवागमन रोककर पटरी बदली गई। नई पटरी को पुरानी पटरी में बेल्डिंग कर जोड़ा गया।
शाम साढ़े पांच बजे ब्लाक हटा। इसके बाद इस रूट से ट्रेनें आईं। तब तक डाउन लाइन से ही अप लाइन की ट्रेनें पास की गईं। इस वजह से ग्वालियर - बरौनी, झांसी इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें घंटों लेट हो गईं।