अमौली। चांदपुर थाना क्षेत्र के मदरी गांव में चोर तकिये के नीचे रखी चाबी निकालकर घर से करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार सुबह होने पर गृहस्वामिनी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
गांव निवासी बाला देवी ने पुलिस को बताया कि पति रामसजीवन कोरी और बेटे जसवंत व कुलदीप बाहर नौकरी करते हैं। वह घर में अकेली रहती हैं। बुधवार रात दरवाजे में ताला लगाकर टिन शेड के नीचे सोई थीं। तकिये के नीचे मोबाइल फोन और कमरे की चाबी रखी थी। भोर करीब चार बजे नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
उन्होंने बताया कि चोर चहारदीवारी फांदकर घर में घुसे। इसके बाद तकिये के नीचे से चाबी निकालकर कमरे का ताला खोला और बक्से से दो लाख कीमत के जेवर चोरी कर ले गए। यूपी-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची। थानाध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।