कानपुर। कोहना थानाक्षेत्र के रानीघाट गोशाला में चोरों ने अलमारी का लॉकर खोलकर करीब 50 लाख रुपये कीमत के गहने पार कर दिए। पीड़िता ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित रामकृष्ण की बेटी सारिता गुप्ता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 10 अक्तूबर को करवाचौथ पर मां ने अलमारी से गहने निकालकर पहने थे। इसके बाद उसे सुरक्षित रख दिया गया। 12 को इलाके में देवी जागरण में परिवार शामिल होने गया था। इसके बाद 15 को दीपावली पर मां ने सफाई शुरू की तो अलमारी में रखे दो हार का सेट, चार सोने के कड़े, चार जोड़ी चांदी की पायल, कान के दो बुंदे, कमरपेटी, चांदी के 35 सिक्के समेत करीब 50 लाख रुपये कीमत के माल गायब था। पीड़िता के अनुसार जिसने भी चोरी की है, वो मौके पर एक नकली हार छोड़ गया। घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोहना थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। (संवाद)