कलक्टरगंज में रास्ते में जाम के दौरान मोमोज की दुकान पर कंधा टकराने पर दुकानदार ने साथियों के साथ मिलकर सराफा कारोबारी और उनके बेटे को पीटकर घायल कर दिया। दोनों के कपड़े तक फाड़ दिए। पीड़ित दर्जनों व्यापारियों के साथ थाने पहुंचे और तहरीर दी।
नीलवाली गली निवासी राकेश कुमार जायसवाल की नयागंज में सराफा दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 7:30 बजे वह पीपल वाली कोठी के पास जा रहे थे। रास्ते में जाम लगा होने के कारण मोमोज की दुकान पर उनका कंधा दुकानदार से टकरा गया। इस पर दुकानदार ने उन्हें सड़क पर गिराकर पीटा। वह जान बचाकर दुकान की ओर भागे तो आरोपियों ने उनके कपड़े तक फाड़ दिए। घटना की जानकारी पर बेटा वत्सल आरोपियों का विरोध करने पहुंचा तो उसे भी लात घूंसों से पीटा।
राकेश ने मारपीट के दौरान चांदी का ब्रेसलेट गिरने की बात कही है। आरोप है कि एक माननीय की शह पर आरोपियों का दुस्साहस बढ़ा है। घटना के दौरान माननीय भी मौके पर मौजूद थे जिन्होंने आरोपियों को पुलिस से बचा लेने की बात कही। घायल पिता-पुत्र दर्जनों व्यापारियों के साथ कलेक्टरगंज थाने पहुंचे और तहरीर दी। इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।