मोहम्मदाबाद थाने के गांव मोती नगला निवासी सिपाही प्रेमवीर यादव (29) ने फिरोजाबाद के अरांव थाने के पास किराए के मकान में मंगलवार देर शाम फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना पर परिवार की बहन की शादी की खुशियां गम में बदल गईं। फिरोजाबाद के अरांव थाने में तैनात प्रेमवीर सिंह यादव अरांव के समोगर निवासी चंद्रपाल के मकान में किराए पर रहते थे।
दूसरे कमरे में रह रहे साथी सिपाही गोविंद कुमार ने मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे आवाज दी तो कोई जवाब नहीं आया। उसने खिड़की से झांक कर देखा तो शव फंदे पर लटका था। गोविंद कुमार ने अन्य किराएदारों के साथ कमरा खोलकर फंदे से उतारकर थाने में सूचना दी। सूचना पर पिता वैशराम यादव, बड़े भाई रामवीर व श्यामवीर आदि लोग अरांव के लिए रवाना हो गए।
गांव के रिषीपाल सिंह यादव ने बताया कि प्रेमवीर के घर पर परिवार रामनंदन यादव की बेटी की बरात मंगलवार को आनी है। हादसे की सूचना मिलते ही घर की खुशियां गम में बदल गईं। सूचना मिलते ही गांव के लोगों का प्रेमवीर के घर पहुंचना शुरू हो गया। प्रेमवीर की अभी शादी नहीं हुई थी। रिषीपाल सिंह ने बताया कि वह बहुत मिलनसार थे।