विहिप के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया ने जहानाबाद से लौटते ही यहां कहा कि जहानाबाद की घटना प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। हिंदुओं की शोभायात्रा पर पथराव हुआ, लेकिन कहीं पर पुलिस का इंतजाम नहीं था। प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में इस वक्त पाकिस्तान जैसा माहौल है। जिस तरह पाक में हिंदुओं के साथ व्यवहार होता है, ठीक वैसा ही अब भारत में भी होने लगा है।
नौबस्ता में अरविंद अग्निहोत्री के आवास पर पत्रकारों से वार्ता में भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अटल जी ने लाहौर बस चलाई तो कारगिल हो गया, ठीक उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी वहां चाय पीने पहुंचे तो पठानकोट का हमला मिला। हम पाकिस्तान में सुधार उस वक्त मानेंगे जब वह हमें मसूद अजहर, दाऊद और लखवी सरीखे आतंकी सौंपेगा और हम उन्हें फांसी के तख्त पर चढ़ाएंगे।
राम मंदिर का मुद्दा यूपी चुनाव के बाद
राम मंदिर के सवाल पर तोगड़िया ने कहा कि यूपी में चुनाव होने वाले हैं, लिहाजा तब तक वे इस मुद्दे पर कोई आंदोलन नहीं खड़ा करने के मूड में हैं, बाद में देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वे प्रयासरत हैं कि सोमनाथ मंदिर की भांति राम मंदिर के लिए आम सहमति से संसद में कोई कानून बने। इस मौके पर बजरंग दल संयोजक आशीष त्रिपाठी, वीरेंद्र पांडे, नरेश तोमर, श्रवण कुमार, राहुल आदि मौजूद रहे।