हरबंश मोहाल पुलिस पर उगाही और पिटाई का आरोप लगा रहे कंघी मोहाल निवासी सोनू के परिजनों और मोहल्ले वालों ने रूपम टॉकीज चौराहा पर जाम लगा दिया। दो दिन पहले पुलिस ने सोनू को चोरी और जेबकतरी के आरोप में पकड़ा था। मौकेपर अनवरगंज सीओ पहुंचे और निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर गुस्साए लोगों को शांत कराया। घटना सोमवार रात की है।
बजरिया के कंघी मोहाल निवासी मुन्ना क्षेत्र में सायकिल और बाइक के पंचर की दुकान है। इनका बेटा सोनू भी कारोबार में हाथ बंटाता है। मुन्ना ने बताया कि सोनू शनिवार को मॉल रोड स्थित एक टॉकीज में फिल्म देखने गया था। इसी दौरान हरबंश मोहाल पुलिस ने चोरी और जेब काटने के आरोप में उसे पकड़ लिया। थाने में जमकर पीटा। उसे छोड़ने के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत मांगी।
इनकार करने पुलिस वालों ने सोनू को फिर पीटा। परिवार और मोहल्ला वालों के काफी प्रयास के बाद पुलिस ने सोनू को जमानत पर छोड़ा। मुन्ना के मुताबिक जब सोनू थाने से बाहर आया तो वह चल-फिर नहीं पा रहा था। पैरों में दर्द की शिकायत पर उसे उर्सला ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि सोनू की दोनों टांग में फैक्चर है। ऑपरेशन कर रॉड डाली जाएगी।
इसके बाद वे लोग प्राथमिक उपचार के बाद सोनू को घर ले आए। परिवार के लोगों, रिश्तेदारों और मोहल्ला वालों को पूरा बताया। हरबंश मोहाल पुलिस के सोनू को पीटे जाने से नाराज तमाम लोग रूपम टॉकीज चौराहा पर पहुंचे। सोनू को ठेला पर लिटाकर जाम लगा पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस अफसरों ने लोगों को समझा कर शांत कराया। सोनू को उर्सला में भर्ती कराया गया है। बेकनगंज एसओ एआर सिद्दकी का कहना है कि सोनू के परिजन कोई तहरीर देंगे तो आला अफसरों से आदेश लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
--
हरबंश मोहाल एसओ का बयान:
--
सोनू चोर और जेबकतरा है। दो दिन पहले माल रोड पर पब्लिक ने एक शख्स की जेब काटने के आरोप में पीटा था। तब वह भाग निकला था। जिन लोगों ने उस दिन सोनू को पकड़ा था उन्हीं में कुछ लोगों ने उसे सोमवार को दबोच लिया। पीटने के बाद पुलिस को सौंपा। किसी के तहरीर न देने पर सोनू की सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। देर शाम परिवार वालों की गुजारिश पर उसे जमानत पर छोड़ा गया। पैसा मांहने और पिटाई का आरोप निराधार है। घनश्याम यादव, एसओ थाना हरबंश मोहाल