हैलट में एसआईसी कार्यालय के ऊपर वार्ड नंबर 22 (नाक, कान, गला रोग) में रविवार देर रात चोरी हो गई। नशीला स्प्रे छिड़ककर चोर मरीजों और तीमारदारों के पांच मोबाइल और करीब 25 हजार रुपये नगद पार कर ले गए। करीब ढाई बजे एक युवती की आंख खुली तो उसने सामान अस्तव्यस्त देखकर शोर मचाया तो चोरी की जानकारी हुई। इस पर तीमारदारों ने हंगामा भी किया। चोरी का शक कर्मचारियों पर ही जताया जा रहा है।
बांदा के अतर्रा की गिरिजा पत्नी शिवप्रसाद के गले का ऑपरेशन होना है। रविवार रात शिवप्रसाद का बहनोई रामानंद रुपये लेकर आया था। रामानंद 19,900 रुपये सदरी की जेब में रखकर सो गए। देर रात जब चोरी का शोर मचा तो उन्होंने देखा कि उनकी भी सदरी की जेब फटी है और रुपये गायब थे। इसी तरह रानीघाट की लक्ष्मी यादव के दो हजार रुपये, मोबाइल फोन, पनकी की निधि पुत्री रामचंद्र के 12 सौ रुपये, मोबाइल फोन, शोभित पुत्र रिंकू के चार सौ रुपये, मोबाइल फोन, उन्नाव के ऊंचगांव की राजेश्वरी पत्नी बाबूलाल का मोबाइल फोन और गोविंद का मोबाइल फोन चोरी हो गए। वार्ड में चर्चा होती रही कि इतने लोगों में किसी की भी नींद नहीं खुली, जरूर नशीला स्प्रे छिड़का गया होगा।
वार्ड के पीछे पड़े मिले बैग
ईएनटी वार्ड के पीछे का हिस्सा खुला रहता है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे जब पुलिस पहुंची तो खुले हिस्से में मरीजों व तीमारदारों के खाली बैग मिले। विभागाध्यक्ष डॉ. एसके कनौजिया ने कहा कि जांच में पुलिस का सहयोग किया जा रहा है। चोर जो भी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।