चौबेपुर के कसबे में राष्ट्रीय राजमार्ग-91 से जुड़े बेला मार्ग रेलवे क्रासिंग पर कुछ माह पहले हुए गड्ढे में बीती रात एक मौरंग लदे ट्रक का गुल्ला टूट जाने से बड़ी दुर्घटना होते बची। बीच रास्ते में खराब हुए ट्रक के कारण उक्त मार्ग करीब 12 घंटे पूरी तरह बाधित रहा।
मौके पर पहुंची क्रेन ने ट्रक को किनारे कर मार्ग यातायात बहाल कराया। इस दौरान जीटी रोड पर भी जाम की स्थिति रही।
पीडब्लूडी विभाग की लापरवाही का खामियाजा कसबे के लोगों को उठाना पड़ रहा है। कसबे के बेला रेल क्रासिंग पर हुए गड्ढे में शुक्रवार की रात शिवली की ओर से मौरंग लादकर आ रहे एक ट्रक चालक को गड्ढे की गहराई का सही अनुमान नहीं लग सका।
इससे एकाएक ट्रक का गुल्ला टूट गया। रेलवे क्रासिंग पर ट्रक खराब होने से बेला मार्ग पर बड़े वाहनों का आना-जाना पूरी तरह रुक गया। मौके पर पहुंची क्रेन भी ट्रक पर लोड अधिक होने के कारण उसे हिला नहीं सकी।
इसके बाद ट्रक की मौरंग मौके पर ही गिराई गई। दोपहर करीब दो बजे खराब ट्रक व मौरंग को हटाए जाने के बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
उधर, कानपुर-कासगंज रेल मार्ग पर पल-पल गुजरती गाड़ियों को रेलवे फाटक बंद न होने की स्थित में जंजीर बांधकर गुजारा गया।