कानपुर देहात। अकबरपुर कस्बे के रनियां में बुधवार की सुबह हाईवे पर मंटोरा ओवर ब्रिज से पहले भूसी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे यातायात रुक गया। गनीमत रही कि चालक व सह चालक सुरक्षित बच गए। लगभग एक घंटे तक हाईवे पर यातायात ठप रहा। इससे वाहनों की लंबी कतारें लगने से भीषण जाम रहा। जेसीबी से ट्रक व हाईवे पर फैली भूसी को हटवाया गया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
रनियां कस्बे में हाईवे पर धान की भूसी से लदा ट्रक अकबरपुर की तरफ आ रहा था। मंटोरा ओवरब्रिज पर चढ़ने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। भूसी हाईवे पर बिखर गई। बीचों बीच ट्रक पलटने से हाईवे की औरैया लेन अवरुद्ध हो गई। वहीं सर्विस लेन पर भी भूसी का ढेर लगने से वाहन नहीं निकल सके। इसकी वजह से कानपुर से आने वाले वाहनों की कतार कुछ देर में ही लग गई। सूचना पाकर रनियां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद हाईवे प्राधिकरण से जेसीबी मंगवाई गई और पहले भूसी हटवाने का काम शुरू किया। लगभग पौन घंटे में भूसी एक तरफ की जा सकी। इसके बाद पलटे ट्रक को जेसीबी से खींच कर किनारे किया गया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारे लग गई। भीषण जाम लगने से वाहन सवार खासे परेशान दिखे। भूसी व ट्रक हटाकर एक घंटे बाद हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका।
रनियां चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि ट्रक में धान भूसी लदी हुई थी जो ट्रक पलटने से हाईवे पर एकत्र हो गई। दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। ट्रक और भूसी को हटवाकर एक घंटे में यातायात शुरू करा दिया गया।