हादसे में फुफेरे भाइयों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
वाहन की टक्कर से बाइक सवार फुफेरे भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दोनों साढ़ू की पुत्री की शादी में शामिल होने बाइक से माधौगढ़ जा रहे थे। पुलिस ने परिजनों को जानकारी देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गोहन थाना क्षेत्र के कुरसेड़ा निवासी राम नारायण की पुत्री वर्षा की शादी माधौगढ़ के एक गेस्ट हाउस में बुधवार को थी। शादी में राम नारायण के साढ़ू मध्यप्रदेश के रौन थाना क्षेत्र के गौरई निवासी मुन्नीलाल (60), बुआ के लड़के भिंड क्षेत्र के जखमौली निवासी अशोक (40) के साथ बाइक से शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही बाइक रजपुरा गांव के पास पहुंची तभी पीछे से अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार रोड के दूसरी ओर जा गिरे। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। दो लोगों की मौत की खबर पर शादी वाले घर में मातम पसर गया। कोतवाल पप्पू सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।