कोंच सीएचसी में जांच पड़ताल करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सीएचसी कोंच के महिला शौचालय में पानी भरी बाल्टी में नवजात कन्या का शव मिला। सुबह सफाई करने पहुंचे कर्मचारी ने बाल्टी में शव पड़ा देखा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे सफाई कर्मी दारासिंह एक्सरे कक्ष के ठीक सामने स्थित महिला शौचालय की सफाई करने पहुंचा। जैसे ही वह अंदर घुसा तो बाल्टी में एक नवजात का शव मिला। उसने सीएचसी अधीक्षक डॉ अनिल कुमार शाक्य को सूचना दी। सीएचसी प्रभारी ने एसडीएम ज्योति सिंह व कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
नवजात शिशु का शव मिलने के बाद सीएचसी के कर्मचारियों ने चुप्पी साधे हुए है। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद ही अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शव शौचालय की बाल्टी में किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस को परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खराब मिले हैं।
मामला गंभीर है। मामले की जांच के लिए कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह व सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार शाक्य को निर्देशित किया गया है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- ज्योति सिंह, एसडीएम कोंच
माहभर पूर्व जिला अस्पताल में भी मिला था शव
ऐसा ही मामला 14 अगस्त की रात को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भी हुआ था। अस्पताल की इमरजेंसी के बाथरूम में टब में नवजात का शव मिला था। मामले में चौकी पुलिस ने भी जांच की थी। स्वास्थ्य विभाग ने तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। जहां यह घटना घटी थी वहां के भी सीसीटीवी कैमरे खराब थे। स्वास्थ्य टीम अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।