जालौन जिले के उरई में जबरदस्ती शादी कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें रात के अंधेरे में गुमसुम तरीके से सादे कपड़े में बैठा लड़का और पीली साड़ी पहने लड़की विवाह की रस्में पूरी करती दिखी।
जानकारी के अनुसार सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम सरेनी निवासी शिवम का कानपुर देहात निवासी ग्राम कुचेता की एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रविवार रात युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया। इस दौरान प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
प्रेमी प्रेमिका के पकड़े जाने की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। थोड़ी ही देर में भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा तो पकड़ कर घर में ही मंडप गड़वा कर शादी करवा दी। हालांकि युवक इस शादी का विरोध कर रहा था लेकिन गांव वालों के सामने उसकी एक न चली। ग्रामीणों ने जबरन उसकी शादी करवा दी। उधर पुलिस का कहना है कि मामले की कोई जानकारी नहीं है, अगर शिकायत मिलती है तो जांच पड़ताल की जाएगी।