उत्तर प्रदेश के जालौन के कदौरा स्थित उक गांव में कोरोना की जांच के लिए गुरुवार को पहुंची टीम के साथ अभद्रता की गई। कुछ ग्रामीणों ने डॉक्टर और एलटी के साथ न सिर्फ गालीगलौज की बल्कि उनके हाथ से कागज छीनकर वापस जाने के लिए भी धमकाया। सूचना मिलने पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ अशोक कुमार पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे पर तब तक उपद्रवी भाग चुके थे।
अधीक्षक का कहना है कि आरोपियों का चयन कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बता दें कि ब्लाक के कठपुरवा गांव में तीन संक्रमित निकलने के बाद गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव कैंप लगाकर जांच करने के लिए गई थी। टीम परिषदीय विद्यालय में संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच पड़ताल कर ही रही थी ति तभी 6 ग्रामीण आ धमके और मौजूद टीम के साथ अभद्रता करने लगे।
स्वास्थ्य टीम ने मना किया तो उक्त युवकों ने स्वास्थ्य टीम में मौजूद डॉ विशाल व एलटी अशोक के साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी। इतना ही नहीं वहां रखी दवाइयों व कागजों को उठाकर इधर-उधर फेंकने लगे। यह देख शिविर में अफरातफरी मच गई और सभी भागने लगे। तभी टीम ने घटना की जानकारी चिकित्सा अधीक्षक को फोन पर कर दी। इससे पहले कि अधीक्षक पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचते तब तक उपद्रवी भाग निकले।