जानौल जिले के उरई में बालू के अवैध परिवहन और लोकेशन देने वाले माफिया पर गुरुवार को जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने कड़ा रुख दिखाया। जिलाधिकारी ने 23 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से बालू के अवैध परिवहन, अवैध खनन और जांच टीमों की लोकेशन बताने वालों में खलबली मची है।
यह कार्रवाई इसी साल 19 अगस्त को हुई घटना के संदर्भ में की गई है। मध्य प्रदेश से अवैध बालू परिवहन की सूचना पर एसडीएम माधौगढ़, एआरटीओ प्रवर्तन विनय कुमार ने बंगरा के पास तलाशी अभियान चलाया था। इसमें अधिकारियों ने बालू का अवैध परिवहन कर रहे 14 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया था।
इसी दौरान जांच टीमों की लोकेशन बताने वाले स्कार्पियो सवार तीन लोग भी पकड़े गए थे। इन सबके खिलाफ माधौगढ़ कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। अब इस मामले में शिवेंद्र सिंह, शिवराज सिंह, अवनीश कुमार तिवारी और लोकेशन माफिया संजीव, अजय, नरेंद्र आदि 23 आरोपियों पर संगठित रूप से गिरोह चलाने के आरोप में गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इस मामले में डीएम चांदनी सिंह ने कहा कि बालू के अवैध परिवहन और खनन का मामला गंभीर है। इस तरह के कामों जो लोग लिप्त हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।