इटावा। जिला जेल में बुधवार शाम वर्चस्व को लेकर कैदियों में मारपीट हो गई। कैदियों ने डिप्टी जेलर को भी पीटा। विवाद में डिप्टी जेलर समेत 14 लोग घायल हुए हैं। एक कैदी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेल अधीक्षक राज किशोर ने बताया कि आगरा और कानपुर से लाए गए बंदी मुन्ना खालिद निवाड़ी आगरा व मोनू पहाड़ी निवासी कानपुर ने बुधवार शाम कैदी छुन्ना (28) पुत्र श्रीचंद्र पर पेड़ की डाल तोड़कर हमला कर दिया। जानकारी होने पर डिप्टी जेलर जगदीश प्रसाद बंदी रक्षकों के साथ पहुंचे। कैदी डिप्टी जेलर व बंदी रक्षकों पर भी हमलावर हो गए। मारपीट में छुन्ना, डिप्टी जेलर जगदीश समेत 14 लोगों को चोटें आई हैं। छुन्ना को जिला अस्पताल भेजकर इलाज कराया गया। डिप्टी जेलर व अन्य का इलाज जेल के अस्पताल में हुआ।
सूचना पर एसएसपी आकाश तोमर, एडीएम ज्ञान प्रकाश, सीओ सिटी वैभव पांडेय, सीओ सैफई चंद्र देव जेल पहुंचे। जेलर ने कहा कि विवाद का कारण अभी पता नही। इधर जिलाधिकारी जेबी सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है।