25 अक्तूबर को सजारी में होने वाले बाबा जय गुरुदेव संगत समागम की अनुमति रद्द कर दी गई है। पुलिस और एलआईयू की रिपोर्ट मिलने पर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम पर रोक लगाने का फैसला लिया है। रद्द किए गए कार्यक्रम के दिन शहर की सभी सीमाएं सील रहेंगी। संगत समागम के लिए आने वाले लोगों को वहीं रोक दिया जाएगा। आसपास के जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर संगत समागम की अनुमति रद्द करने की जानकारी देते हुए श्रद्धालुओं को अपने ही जिले में रोकने को कहा जा रहा है।
बाबा जय गुरुदेव संगत गोविंद नगर के अध्यक्ष ओम प्रकाश चतुर्वेदी ने एसीएम 2 सतीश चंद्र को अर्जी देकर 25 अक्तूबर को सजारी में संगत समागम के लिए अनुमति मांगी थी। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर एसीएम ने नौ सितंबर को इसकी अनुमति दे दी थी। शनिवार को वाराणसी में बाबा जय गुरुदेव के अनुयाइयों की शोभायात्रा के दौरान भगदड़ मच जाने से 25 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। वाराणसी घटना का हवाला देकर समागम की अनुमति रद्द कर दी गई है।
कहा जाता है कि बाबा जय गुरुदेव संगत में पंकज बाबा और बाबा उमाकांत महाराज के दो गुट हैं। ओम प्रकाश को बाबा उमाकांत महाराज के गुट का बताया जाता है। इस कारण प्रशासन को जानकारी दी गई कि बाबा उमाकांत कानपुर में पंकज बाबा के आयोजन से ज्यादा भीड़ जुटाना चाहते हैं। इस बार रिपोर्ट दी गई कि अनुमति के समय कार्यक्रम में दस हजार लोगों के आने की बात कही गई थी लेकिन एक से डेढ़ लाख लोगों के जुटने की संभावना है।