गर्मी के मौसम में हाइपरटेंशन के रोगी ब्रेन अटैक से बचने के लिए पानी अधिक पियें। ब्लड प्रेशर के अनियंत्रित प्रबंधन और शरीर में पानी की कमी होने से ब्रेन अटैक का खतरा बढ़ जाता है।
यह जानकारी विश्व हाइपरटेंशन दिवस पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के बैनर तले उर्सला में आयोजित कार्यक्रम में दी गई। आगाह किया गया कि ब्रेन अटैक के रोगी को समय से अस्पताल ले जाया जाए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रवीण कटियार ने बताया कि हार्ट और ब्रेन अटैक से बचने के लिए व्यक्ति चार बातों का ध्यान रखे।
- पहला अपने कार्य के घंटे निश्चित कर ले
- दूसरा खानपान दुरुस्त रखे
- तीसरा शारीरिक श्रम करता रहे
- चौथा सकारात्मक सोच रखे।
इन तरीकों को अपना कर बहुत से रोगों से बचा जा सकता है। डॉ. मनीष कुमार सिंह ने कहा कि ब्रेन अटैक के प्रमुख कारणों में सिगरेट और शराब का सेवन, मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, अनिद्रा, वसायुक्त भोजन, अव्यवस्थित जीवन शैली है।