कानपुर में मंगलवार को लोकभवन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भले ही जाजमऊ की बंद पड़ी टेनरियों को जल्दी खोलने का निर्देश अधिकारियों को दिया है, लेकिन टेनरियों का खुलना इतना आसान नहीं लग रहा है। टेनरियों में रखे गए ड्रमों की रिपोर्ट शासन को जाने के बाद यह तय होगा कि किस टेनरी ने मानक को पूरा किया और किसने नहीं किया।
इसके बाद मानक नहीं पूरा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू होगी। कहा जा रहा है कि इसी बीच जिन्होंने मानक पूरा किया है, उन टेनरियों को खोल दिया जाएगा। इस प्रक्रिया को पूरा होने में भी अभी 15 से 20 दिन का समय लग सकता है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में आयोजित बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से कहा कि चमड़ा उद्योग भी प्रदेश के लिए जरूरी है।