कानपुर। कंप्यूटर साइंस की 30 साल पुरानी जटिल समस्या का समाधान निकालने वाले आईआईटी कानपुर के 2011 बैच के डॉ. ईशान चटोपाध्याय को यंग एलुमनी अवार्ड 2025 से सम्मानित किया जाएगा।
वह वर्तमान में कॉर्नेल यूनिवर्सिटी में कार्यरत हैं। यह अवार्ड उनको आईआईटी के दो नवंबर को होने वाले स्थापना दिवस पर दिया जाएगा। इससे पहले ईशान को गोल्डन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
यंग एलुमनी अवार्ड से सम्मानित होने वाले ईशान की खोज से कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, डेटा प्रोसेसिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं खुली है। उनके अलावा 2009 बैच के अभिनव जैन (कंप्यूटर साइंस), 2010 बैच के प्रो. दिनेश भराडिया (इलेक्ट्रिकल) और 2013 बैच के भावेश मित्तल (केमिकल) को भी सम्मानित किया जाएगा।
अभिनव शॉप-101 के फाउंडर एवं सीईओ हैं। शॉप-101 ग्लेंस इनमोबी का नया पार्ट है। प्रो. दिनेश यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। भावेश मैकिन्से एंड कंपनी में पार्टनर हैं।
वहीं, प्रतिष्ठित एलुमनी अवार्ड 2025 यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में कार्यरत प्रो. वेंकटेसन सुंदर्शन, कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी में कार्यरत डॉ. रेमा पदमन और मेटाकैपिटल मैनेजमेंट के इनवेस्टमेंट ऑफिसर डॉ. दीपक नरूला को दिया जाएगा।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया के चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार, आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा, आईआईएम बंगलूरू में प्रोफेसर ऑफ स्ट्रेटजी प्रो. रिषिकेश टी कृष्णन और पॉशमार्क के फाउंडर मनीष चंद्रा को भी सम्मानित किया जाएगा।