आईएससी टॉपर नंदिता को राष्ट्रपति भवन से बुलावा
- फोटो : अमर उजाला
आईएससी (12वीं) परीक्षा 2019 में देश में दूसरे और प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली कानपुर के डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर किदवई नगर की छात्रा नंदिता प्रकाश को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आमंत्रित किया है। प्रधानाचार्य शर्मिला नंदी ने बताया कि राष्ट्रपति भवन से आए पत्र में नंदिता को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या (14 अगस्त) पर राष्ट्रपति भवन में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया है।
राष्ट्रपति का आमंत्रण पाकर नंदिता काफी उत्साहित हैं। जूही कलां स्थित नवशील धाम अपार्टमेंट निवासी नंदिता ने बताया कि वह राष्ट्रपति से शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर ढेर सारी बातें करने की इच्छुक हैं।
नंदिता का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में अच्छे शिक्षकों की कमी दूर करने, सड़कों की हालत बेहतर करने, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना को धरातल पर सही तरीके से उतारने पर बात करेंगी। नंदिता के पिता अजय प्रकाश श्रीवास्तव और मां मीना श्रीवास्तव भी बेटी की इस उपलब्धि पर बहुत खुश हैं।