फर्रुखाबाद के लाल ने आतंक विरोधी अभियानों में अपने साहस से जिले का मान बढ़ाया है। सेना में हवलदार आलोक दुबे ने कश्मीर में अब तक आतंक विरोधी अभियान में 15 मुठभेड़ों में 45 आतंकी ढेर किए हैं। उन्होंने 22 जून 2019 की रात सोपिया जिले के डारामदोरा के जंगलों में मेजर के निर्देशन में चले आपरेशन का कमांड एंड कंट्रोल कर चार आतंकियों को ढेर किया था। इस अदम्य साहस और वीरता के लिए शौर्य चक्र के लिए उनका चयन होने से गांव में हर्ष का माहौल है।
कस्बे से तीन किमी दूर स्थित भटपुरा गांव के स्व. संतोष दुबे के पुत्र हैं आलोक कुमार दुबे। 30 जनवरी 2002 में राजपूत रेजीमेंट फतेहगढ़ में सेना में उनका चयन हो गया। यहां ट्रेनिंग लेने के बाद वे अरुणाचल प्रदेश, अंडमान निकोबार में भी रहे। जनवरी 2017 में वे जम्मू-कश्मीर पहुंचे। अप्रैल 2019 को सोपिया के लसीपुरा में हुई आतंकियों से मुठभेड़ में उन्होंने साहस दिखाया। इसमें ए श्रेणी के आतंकी तौशीफ अहमद ईदू व तीन अन्य आतंकी जफर उल हक, मोहम्मद शफी भट व आकिब अहमद ढेर कर दिया।
नागरिक बचाए, चार आतंकी ढेर कर आपरेशन भी किया सफल
22 जून 2019 को सोपिया जिले में डारामदोरा के घने जंगलों में चार आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। वह इलाका उनकी कंपनी के डेरे से 7 किलोमीटर दूर था। कंपनी कमांडर से बात करने के बाद इनकी टोली रात को ही मेजर विकास घरसा के नेतृत्व में जंगल की ओर चल पड़ी। इसमें मेजर के अलावा 19 जवान थे।