कानपुर। नगर निगम के नवाबगंज स्थित डीपीएस कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नंदकिशोर मिश्रा पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करने का आरोप लगाया गया था। आठ महीने पहले इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर होने के बाद नगर आयुक्त ने जांच कमेटी गठित की थी, लेकिन आज तक रिपोर्ट नहीं आई। इस पर शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री कार्यालय में फिर शिकायत की है। इसके बाद एडीएम व नोडल अधिकारी आईजीआरएस ने नगर आयुक्त को पत्राचार कर एक फरवरी तक रिपोर्ट तलब की है।
काकादेव निवासी शिकायतकर्ता आशीष मिश्रा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नंदकिशोर मिश्रा की सीटी ग्रेड पर स्थायीकरण वर्ष 2018 में आठ अगस्त को है, जबकि शिक्षा विभाग की ओर से अंतिम वरिष्ठता सूची में इसे गलत रूप से एक अप्रैल 1997 दर्शाया गया। आशीष मिश्रा ने फर्जी दस्तावेजों के उपयोग के साथ नियुक्ति और पदोन्नति की जांच की भी मांग की थी। मामले में आठ महीने पहले नगर आयुक्त ने जांच कमेटी गठित कर डीएम को पत्राचार किया था लेकिन रिपोर्ट अब तक नहीं भेजी गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री कार्यालय में भी शिकायत की। इसके बाद आईजीआरएस नोडल अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने नगर आयुक्त को पत्राचार कर कहा कि नगर निगम के कार्मिक विभाग से प्राप्त जांच रिपोर्ट को मंडलायुक्त ने अस्वीकार कर दोबारा जांच के निर्देश दिए थे। इसकी रिपोर्ट आज तक नहीं मिली है। उन्होंने पत्र में कहा कि जांच अधिकारी के उदासीन रवैये के विरुद्ध अपने स्तर से कार्रवाई करें, साथ ही एक फरवरी तक रिपोर्ट भेजें।