कानपुर देहात। अकबरपुर नगर समेत आस-पास के कस्बों में बृहस्पतिवार सुबह से तेज हवाओं के साथ दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे मौसम तो सुहाना हुआ लेकिन गलियों व प्रमुख मार्गों में हुए जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी।
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण उमस और चुभती गर्मी से जूझ रहे स्थानीय लोगों को इस बारिश से बड़ी राहत मिली है। मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। दिनभर चली ठंडी हवाओं के कारण वातावरण काफी सुहावना रहा। जिससे लोगों के चेहरे खिल उठे। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर में लगभग 12 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं दूसरी तरफ बारिश ने नगर पालिका और प्रशासनिक दावों की पोल भी खोल दी। राजपुर और सिकंदरा के कई निचले वार्डों व प्रमुख सड़कों पर भारी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिकंदरा के प्रमुख व्यवसायिक केंद्र पटेल चौक और नया बाजार पूरी तरह पानी में डूबे नजर आए। वहीं, राजपुर के मुखर्जी नगर, पटेल नगर और अशोक नगर की गलियों में घुटनों तक पानी भर गया। इसके अलावा शाहजहांपुर कस्बे के सट्टी व गौरीकरन मार्ग पर भी जलभराव के कारण दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रही। नौशाद खान, रईस अली, किरण देवी, पुष्पा व शैलजा ने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में भी जलभराव की समस्या विकराल रूप ले लेती है। ईओ नीति त्रिपाठी ने बताया कि जलभराव की समस्या को जल्द दूर कर निस्तारण किया जाएगा।