कानपुर ट्रैफिक पुलिस की गैर मौजूदगी में भी यातायात नियम तोड़ना आपको महंगा पड़ सकता है। पुलिस कमिश्नरी ने शहर के मुख्य चौराहों पर यातायात की देखरेख और यातायात नियम तोड़ने वालों का चालान करने के लिए खुफिया कैमरों की मदद लेने का स्मार्ट प्लान तैयार किया है।
इसके तहत पहला कैमरा बिरहाना रोड वन-वे पर लगा दिया गया है। कैमरे की मदद से रोज 40 से 50 वाहनों का चालान किए जा रहे हैं। वाहन फूलबाग से बिरहाना रोड होते हुए नयागंज जा सकेंगे पर इस रास्ते से आ नहीं सकेंगे। वन-वे का पालन कराने के लिए पुलिस खुफिया कैमरों से इस रूट पर निगरानी कर रही है।
पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने बताया कि यातायात नियम तोड़ने वालों के चालान सीधे मैसेज के माध्यम से उनके मोबाइल पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने इस प्रयोग के सफल होने पर इसे शहर के अन्य वन-वे मार्ग और मुख्य चौराहों पर भी लागू करने की बात कही।
नई व्यवस्था के तहत अब पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग के दौरान सिर्फ उन्हीं लोगों को रोककर पूछताछ करेगी जो अपराध की दृष्टि से संदिग्ध लगेंगे। इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी वाहन सवारों के खुफिया कैमरों से ही चालान होंगे। इस व्यवस्था के लागू होने से पुलिस पर अक्सर लगने वाले उगाही के आरोपों से भी बचा जा सकेगा।