कानपुर। बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर गहमागहमी शुरू हो गई है। एल्डर्स कमेटी और कार्यकारिणी के बीच जुबानी और पत्रों की जंग लगातार जारी है। एल्डर्स कमेटी के कार्यकारी चेयरमैन ने अध्यक्ष व महामंत्री को पत्र भेजकर हिदायत दी है कि कोई गैरकानूनी काम न करें। कार्यकारिणी की अवधि समाप्त होने के बाद उनका कार्यकाल 15 फरवरी तक बढ़ाए जाने का अधिकार किसी को नहीं है। चुनाव होने तक सभी प्रशासनिक अधिकार एल्डर्स कमेटी में ही निहित हैं। अपने अधिकार के तहत ही कमेटी काम कर रही है और करती रहेगी।
एल्डर्स कमेटी के कार्यकारी चेयरमैन हरीशचंद्र श्रीवास्तव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कमेटी के गठन में यूपी बार कौंसिल को भी हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। एल्डर्स कमेटी को भंग करने का कृत्य गैरकानूनी व शून्य है और आपके क्षेत्राधिकार में नहीं है। कहा कि मॉडल बाइलॉज के प्रावधानों के तहत काम करें जिससे 150 साल पुरानी संस्था की बदनामी न हो। पत्र में कहा है कि एल्डर्स कमेटी द्वारा चुनाव के संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है और न ही कोई तिथि घोषित की गई है।
वहीं, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदीवर वाजपेई एल्डर्स कमेटी को ही भंग किए जाने का दावा कर रहे हैं और उनके पत्र को औचित्यहीन बताते हुए बार कौंसिल और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवमानना बता रहे हैं।