इटावा। इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना में शामिल होने के लिए अभी तक एक भी आवेदन नहीं हुआ है। बाल वैज्ञानिकों के पंजीकरण के लिए पोर्टल को खुले 15 दिन का समय हो गया है। योजना के अंतर्गत चयनित छात्रों को मॉडल बनाने के लिए 10 हजार रुपये सरकार की ओर से दिए जाते हैं। इस योजना के तहत आवेदन 15 जून से शुरू किए गए थे।
इस बार 11 वीं और 12 वीं कक्षा के छात्र भी योजना में हिस्सा ले सकेंगे। पहले यह योजना कक्षा छह से 10 तक के छात्रों के लिए ही थी। इंस्पायर योजना के नोडल प्रभारी और भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता प्रदीप यादव ने बताया कि इस बार योजना में कई अहम बदलाव किए गए हैं। छात्र 15 सितंबर तक नामांकन कर सकते हैं।
आइडिया चयनित होने पर माॅडल बनाने के लिए 10 हजार रुपये छात्रों के खाते में जमा कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछले पिछले साल जिले में अच्छी संख्या में आवेदन हुए थे। एक जुलाई से विधिवत रूप से विद्यालय खुले हैं, अब प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उम्मीद है कि इससे पंजीकरण की संख्या में इजाफा होगा।