बैहमई गांव में पोलिंग बूथ का निरीक्षण करते जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी सिंह मौजूद एसपी व एसडीएम।
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर (कानपुर देहात)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मंगलवार को डीएम व एसपी ने राजपुर ब्लाक के बीहड़ पट्टी स्थित अतिसंवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम से बूथों पर बिजली-पानी और छाया के अलावा सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।
डीएम जेपी सिंह ने एसपी केशव कुमार चौधरी के साथ राजपुर ब्लाक के यमुना पट्टी स्थित बीहड़ पट्टी के अतिसंवेदनशील बेहमई, दमनपुर व बकसौधी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। बेहमई स्थित मतदान केंद्र के बाहर चौकी में पुलिस को भयमुक्त वातावरण बनाए जाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पुलिस गांव में पैनी नजर बनाए रखें। ग्रामीणों से संवाद किया।
डीएम ने कहा कि निर्भीक होकर मतदान करें। अफसर दमनपुर गांव के तीन व बकसौधी के एक बूथ का निरीक्षण किया। दमनपुर गांव में स्कूल की बाउंड्री वॉल के पास गांव के एक व्यक्ति का मलवा डीएम ने हटाने के निर्देश दिए। एसपी केशव कुमार चौधरी ने ग्रामीणों से निडर होकर मतदान करने की अपील की। एसडीएम रमेशचंद्र यादव, राजपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार आदि रहे।
हल्का प्रभारी व बीट सिपाही नियमित करें निरीक्षण
राजपुर। बीहड़ पट्टी के बूथों के निरीक्षण पर निकले डीएम जेपी सिंह एसपी केके चौधरी ने राजपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। थाने में पुलिस कर्मियों को एसपी ने निर्देश देकर कहा कि हल्का दरोगा व बीट सिपाही नियमित गांवों का निरीक्षण करें। पंचायत चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में अवैध शराबी की बिक्री नहीं होनी चाहिए। नियमित वाहन चेकिंग कर राहगीरों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जाए।