कानपुर देहात। जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए मंगलवार को कृषि विभाग की तीन टीमों ने छापमार अभियान चलाया। खामियां मिलने पर दस दुकानों को नोटिस जारी की गई, जबकि एक दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
मंगलवार को कृषि विभाग की पहली टीम एसडीओ भोगनीपुर विकास सेठ और एआर कोआपरेटिव अनूप कुमार की टीम ने तहसील अकबरपुर व मैथा, दूसरी टीम के भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार व डीएचओ सुभाषचंद्र ने तहसील भोगनीपुर व सिकंदरा व तीसरी टीम के जिला कृषि अधिकारी सुमित पटेल व सीईओ मत्स्य डॉ. रणजीत सिंह ने तहसी डेरापुर व रसूलाबाद क्षेत्र की खाद दुकानों का निरीक्षण किया। दुकानों में खाद का स्टॉक, उपलब्धता, रेट बोर्ड आदि की जांच की गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद की दस दुकानों से नमूने लिए गए हैं।
अभिलेखों का रखरखाव ठीक तरह से न होने, पीओएस मशीन का संचालन न करने व रेटबोर्ड में खाद के दाम न लिखने सहित अन्य खामियों पर पटेल खाद भंडार मुंगीसापुर, सैनिक बीज भंडार मुंगीसापुर, सुमित ट्रेडर्स डेरापुर, गोपाल खाद भंडार रतनियांपुर, बीएस खाद भंडार अगवासी, यादव खाद भंडार अकबरपुर, दिलीप कुमार खाद भंडार तिगाईं, कुमार ट्रेडर्स डेरापुर, कृषक सेवा केंद्र मुक्तापुर को नोटिस जारी की गई है। जबकि, जनता खाद भंडार महोई मुर्रा डेरापुर का उर्वरक लाइसेंस निलंबित किया गया है।
खाद की कालाबाजारी रोकने को तीन टीमें गठित
शासन के निर्देश पर जिले में खाद की कालाबाजारी व निर्धारित मूल्य पर खाद बिक्री कराने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि गठित की गई टीमें खाद की थोक व फुटकर दुकानों पर जाकर अभिलेखों के अनुसार स्टाक का सत्यापन, नमूना संकलन आदि करेंगी। यदि कहीं पर गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित टीम दुकान का लाइसेंस निलंबित कर रिपोर्ट दर्ज कराएगी।