डेरापुर में निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का निरीक्षण करते राज्य मंत्री अजीत पाल।
- फोटो : AKBARPUR
डेरापुर (कानपुर देहात)। कस्बे में 97 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस का इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इस दौरान वहां छत में दरारें मिलने पर राज्यमंत्री ने अधिशासी अभियंता से नाराजगी जताते हुए भुगतान रोक जांच कराने के निर्देश दिए।
डेरापुर के ब्लाक तिराहे के पास पीडब्ल्यूडी का एक कक्ष का पुराना गेस्ट हाउस बना है। विभाग ने दो साल पहले तीन वीआईपी कक्ष का गेस्ट हाउस बनाने के लिए शासन को स्टीमेट बनाकर भेजा था। शासन ने गेस्टहाउस के लिए 97 लाख 26 हजार 687 रुपये प्रस्ताव पास कर दिया। 16 जुलाई 2018 में पीडब्ल्यूडी ने टेंडर निकाला था। कानपुर जूही के सलिल चोपड़ा ने लिया था। एक साल में गेस्टहाउस बनना था।
इधर, रविवार को राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने निर्माणाधीन गेस्टहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान कमरों की छतों का कार्य सही नहीं मिला। छत के ऊपरी हिस्से में काफी दरारें मिली। फर्श पर घटिया क्वालिटी का ग्रेनाइट बिछा मिला।
राज्यमंत्री ने निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग होने की भी शंका जताई है। उन्होंने अधिशासी अभियंता प्रकाश चंद्र एवं संतोष कनौजिया से नाराजगी जताते हुए भुगतान रोकने के निर्देश दिए। जांच होने तक निर्माण कार्य रोकने को भी कहा है। अवर अभियंता विवेक कुशवाहा से कार्य के बारे में जानकारी चाही तो वह बता नहीं सके।
राज्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के गृह ब्लाक में हो रहे गेस्ट हाउस निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य राम किशोर पांडेय, आदित्य कटियार, मुनेश शुक्ला, बलराम पाल, रमेश पाल, मदन मोहन, रजत मिश्र, अश्वनी चौबे, श्याम पाल आदि मौजूद रहे।