शिवली (कानपुर देहात)। राजपुर गांव में छह दिन पहले ननिहाल आए रनियां के संतोष का कुएं में शव मिला था। पोस्टमार्टम में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। शरीर पर नौ चोटें मिली थीं। संतोष के भाई इंद्रजीत ने चचेरे मामा व उसकी बेटी समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंद्रजीत शर्मा ने तहरीर में लिखा है कि छोटा भाई मंगलवार को शिवली थाने की बैरीदरियाव ग्राम सभा के मजरा राजपुर गया था। चचेरे मामा की लड़की से उसके प्रेम संबंध थे। संतोष उसी के बुलाने पर वहां गया था। इंद्रजीत का यह भी आरोप है कि लड़की के थाना रूरा के रामपुर निवासी एक रिश्तेदार सतीश शर्मा से भी संबंध थे।
आरोप लगाया कि चचेरे मामा, उनकी लड़की, सतीश, संतोष व रमेश शर्मा ने उसके भाई की लाठी डंडों व कुल्हाड़ी से हत्या कर शव सूखे कुएं में फेंक दिया था। थाना प्रभारी बीरपाल सिंह ने बताया कि संतोष के भाई इंद्रजीत ने चचेरे मामा जयराम और उसकी बेटी समेत पांच लोगों पर हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।