दुर्घटनाग्रस्त कार, घायल सरीला एसडीएम जुबेर बेग
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में हमीरपुर जिले के भरुआसुमेरपुर में सरीला से कस्बे की नवीन गल्ला मंडी आ रहे एसडीएम की गाड़ी छानी मार्ग पर इंगोहटा विदोखर के बीच सड़क पार कर रहे बच्चे से टकराकर गड्ढे में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में एसडीएम के साथ उनका सुरक्षा गार्ड व चालक और सड़क पार कर रहा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया है।
एसडीएम सरीला जुबेर बेग लोकसभा चुनाव से संबंधित कार्य के लिए कस्बे की नवीन गल्ला मंडी आ रहे थे। दोपहर करीब एक बजे छानी मार्ग पर विदोखर इंगोहटा के मध्य सड़क पार कर रहे विदोखर पुरई निवासी अनंतराम लखेरे के पुत्र अभय लखेरे (8) को टक्कर मारते हुए एसडीएम की गाड़ी खाई में जा गिरी। इस घटना में अभय के साथ एसडीएम सरीला जुबेर बेग, गार्ड सुरेश कुमार तथा चालक हलकेश भी घायल हो गए।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची यूपी 100 टीम ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। हालत नाजुक होने पर अभय लखेरे को कानपुर रेफर किया गया। चालक की हालत खराब होने पर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। एसडीएम के सिर में चोटें आई हैं। एसडीएम के घायल होने की सूचना पाकर अपर जिलाधिकारी विनय प्रकाश श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना।