कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के मकसूदाबाद में हादसा होने से एक परिवार में दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। पड़ोसी के मकान की बाउंड्रीवाल गिरने से मासूम बच्ची की मौत हो गई जबकि उसका भाई घायल हो गया। गांव निवासी विनोद कमल मजदूरी कर गुजर बसर करते हैं।
विनोद ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे उनकी बेटी पूजा (8) और बेटा रामजी (5) घर के बाहर खेल रहे थे। पड़ोस में मनीष कमल का मकान है। बाउंड्रीवाल के अंदर भैंस बंधी थी। भैंस ने अचानक दीवार में टक्कर मार दी। दीवार भरभराकर भाई-बहन पर गिर गई।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर पूजा व रामजी को बाहर निकाला और पास के निजी अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान पूजा की मौत हो गई। वहीं रामजी का बायां पैर फ्रेक्चर हो गया। उसका इलाज चल रहा है।
गांव में पसरा मातम विनोद ने बताया कि शनिवार को उनकी पत्नी मधु दिवाली की तैयारियों में जुटे थी। मिठाई, खिलौने पाकर उनके दोनों बच्चे भी बेहद खुश थे। शाम हादसा हुआ और गांव में मातम पसर गया। पूजा कक्षा दो में पढ़ती थी।