गुजैनी थानाक्षेत्र के बर्रा आठ में दंपती में विवाद के बाद शनिवार को महिला रुचि तिवारी ने आत्महत्या की थी। पति बच्चों को लेकर भाग गया था। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में शरीर पर पांच चोट के निशान के साथ ही हैंगिंग आई है। इससे आत्महत्या की पुष्टि हुई है। वहीं, मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
बर्रा विश्व बैंक काॅलोनी निवासी पिता दिनेश तिवारी ने पोस्टमाॅर्टम हाउस में बताया कि वर्ष 2015 में बेटी की शादी हुई थी। अरुण तिवारी शराब के नशे में बेटी को पीटता और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। मई में अरुण और उसके परिजन ने प्रतापगढ़ के कोठियाही द्वारिकापुर गांव में रुचि की पिटाई कर खेत में फेंक दिया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसकी जान बचाई थी। उस समय अरुण ने लिखित माफीनामा देकर भविष्य में ऐसा व्यवहार न करने का आश्वासन दिया था। रुचि अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल लौट गई थी। देर रात सूचना मिली कि अरुण ने पत्नी रुचि की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी है। इसके बाद 11 वर्षीय बेटी रूही तथा आठ वर्षीय बेटे तरुण को लेकर भाग गया है। गुजैनी इंस्पेक्टर राजन शर्मा ने बताया कि परिजन की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।