इटावा। चार दिन पहले दफनाए गए किशोरी के शव को प्रशासन ने शुक्रवार को निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के चोट के निशान मिलने पर पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई है। पिता ने आत्महत्या समझकर किशोरी का अंतिम संस्कार करके उसे नदी किनारे दफना दिया था।
भरथना कस्बा के महावीर नगर मोहल्ला निवासी सुभाष पांडेय की छोटी बेटी राधा ने अपने पिता को बताया था कि बहन गौरी (16) को परिवार के ही तीन सदस्यों ने गला दबाकर हत्या की थी। जिसके बाद सुभाष ने बीती 30 मई को बेटी गौरी का गला दबाकर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। जिसके डीएम के आदेश पर पुलिस ने लवेदी थाना क्षेत्र के यमुना नदी किनारे से गौरी के शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि किशोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई जगह चोट के निशान मिले हैं। जिसके आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
....................................................
फंदे पर लटका मिला था गौरी का शव
बीती 27 मई को पत्नी बच्चों के साथ सुभाष पांडेय कस्बा में बृजराज नगर में किसी परिचित के यहां तेरहवी संस्कार में गए थे। शाम करीब छह बजे वह गौरी (16) समेत बेटी व बेटे को घर पहुंचाकर वापस तेहरवी संस्कार में पहुंच चले थे। लौटकर लगभग एक घंटे बाद आने पर फंदे पर लटका मिला था। 29 को परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए आत्महत्या समझकर पुत्री के शव का अंतिम संस्कार लवेदी थाना क्षेत्र के यमुना नदी किनारे करके शव दफना दिया था।