फोटो 03
मिट्टी की मूर्तियों, इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर लगी खरीदारी की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। दीपावली के मौके पर गुरुवार को बाजार में लोगों ने जमकर खरीदारी की। मिट्टी के बने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के अलावा फूल-माला और कमल के फूल की खरीदारी की गई। इस बीच कमल का फूल सौ रुपये तक का बिका।
बाजार में मिट्टी के लक्ष्मी-गणेश की दुकानों पर खरीदार जुटे रहे। फूल-माला विक्रेताओं के यहां भी अच्छी खासी बिक्री हो रही है। लक्ष्मी पूजन के लिए 80 रुपये में बिकने वाला कमल का फूल सौ रुपये तक का बिका। शुक्रवार को इसके भाव और बढ़ सकते हैं। वहीं मोती वाली माला भी ग्राहक खरीदते देखे गए। इलेक्ट्रॉनिक चाइनीज झालरों की अपेक्षा स्वदेशी झालर खरीदी गई।
बाजार में गेंदा का फूल 100 से 120 रुपये प्रति किलो, गुलाब 300 सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। फूल विक्रेता रोहन ने बताया कि सौ रुपये में बिकने वाला कमल कमल का फूल शुक्रवार को अधिक मांग होने की वजह से 150 रुपये तक का बिक सकता है। फूल विक्रेता इदरीश ने बताया कि दीपावली पर ज्यादातर फूल दिल्ली, बरेली, कानपुर और आगरा से आते हैं।
कमल का फूल दिल्ली से, गुलाब का फूल बरेली से लेकर आए हैं। मूर्ति विक्रेता मोहित कुमार ने बताया कि कोलकाता वाली मूर्ति 30 से 450 रुपये में, आगरा की मूर्ति 650 रुपये और लखनऊ की मूर्तियां 350 रुपये तक में बिक रही हैं। लक्ष्मी-गणेश के कैलेंडर और पोस्टर भी बिक रहे हैं। बाजार में कई जगह प्लास्टिक की सजावटी फूल-पत्तियों की बंदनवार सजी हुई हैं।
बाजार में झालरों की भी खूब बिक्री हो रही है। इस बार चीन निर्मित झालरें बाजार में कम दिखाई दे रही हैं। सबसे ज्यादा पट्टे वाली झालरों की बिक्री हुईं। दुकानदारों ने बताया कि पट्टे वाली झालर 500 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध है। पिक्सल एलईडी वाली झालर 650 रुपये, पेंसिल झालर 150 रुपये की बिक रही हैं। बताया कि उनके पास 20 रुपये से लेकर 650 रुपये तक की झालरें उपलब्ध हैं।