राजपुर (कानपुर देहात) ब्लॉक क्षेत्र के जल्लापुर में गंदगी और जलभराव से फैली बीमारी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को गांव में 20 से अधिक लोग उल्टी-दस्त और बुखार से पीड़ित मिले। इनमें बच्चे नौजवान और बुजुर्ग सभी शामिल हैं। साफ-सफाई न होने को लेकर लोगों में नाराजगी है।
गांव में चारों तरफ नालियां बजबजा रही हैं। आबादी के बीच बने तालाब में गंदगी होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। गांव के कठेरिया मोहाल निवासी बलदेव का बेटा सौरभ (5), बलवीर (4), दीपक (10), मुन्नू कठेरिया की बेटी रिचा (5), रामजनी (7), विद्या (10) के अलावा शिवा (12), सौरभ (7), आरुषी (12), गोपाल (15), दिव्या (2) समेत 20 से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं।
गांव के काशिफ, मन्नू, श्यामलाल, ब्रजेश कठेरिया, गोविंद, मानसी, फूलकली, सियावती ने बताया कि पूरी बस्ती में जलभराव है। कई दिनों से लोग बीमार हैं। इसकी जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर दी गई थी। इस पर स्वास्थ्य टीम ने सोमवार को शिविर लगाकर 18 लोगों का परीक्षण कर दवाइयां बांटी थीं। दूसरे दिन मंगलवार को स्वास्थ्य टीम गांव नहीं पहुंची। ऐसे में बीमारों की संख्या बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की बस्ती का वर्षों पुराना तालाब भर गया है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। लोगों के घरों के बाहर सड़क पर गंदा और दूषित पानी काफी समय से भरा है। एक-एक घर से कई-कई लोग बुखार की चपेट में हैं। सोमवार को राजपुर ब्लॉक से आए दो सफाई कर्मियों ने आधे गांव में सफाई कार्य किया। इसके बाद वापस चले गए। बस्ती में कीटनाशक और एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं कराया गया है। इससे बीमारी में रोकथाम नहीं हो सकी है।
...................
बोले जिम्मेदार
गांव में जल निकासी के इंतजाम कराए जा रहे हैं। जहां पर जलभराव की समस्या और गंदगी थी वहां टीम भेज कर सफाई कराई गई है। टीम को सफाई व एंटीलार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को सफाई कर्मियों के न पहुंचने की जानकारी की जाएगी। - प्रदीप कुमार, बीडीओ, राजपुर
........................
सोमवार को एक टीम गांव भेजी गई थी। कुछ लोगों का परीक्षण कर दवाइयां दी गई थीं। गांव के लोगों को साफ सफाई रखने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को टीम भेज कर एक बार फिर से लोगों का परीक्षण कराया जाएगा। - डॉ. सलिल सचान, अधीक्षक, पीएचसी राजपुर
..........................
कुपोषित बच्चों को मेडिकल टीम ने भेजा एनआरसी सेंटर
राजपुर। ब्लॉक के बनवारीपुर गांव में बीमारी से जूझ रहे चार वर्षीय जुड़वा बच्चों को मंगलवार को आरबीएसके टीम ने एनआरसी सेंटर में भर्ती कराया। परिजन द्वारा एनआरसी सेंटर भेजने से मना करना पर टीम ने परिजन को समझाकर सेंटर भेजने के लिए राजी किया। बनवारीपुर गांव निवासी सिम्पू कुमार के चार वर्षीय जुड़वा बच्चे दो वर्षों से बीमारी से जूझ रहे हैं। सामान्य बच्चों से इनका वजन बेहद कम है। साथ ही लंबाई नहीं बढ़ रही थी। एएनएम पारुल की रिपोर्ट पर मंगलवार को डॉ. आशीष मिश्रा ने आरबीएसके टीम के साथ गांव पहुंच कर जांच की। दोनों बच्चे अतिकुपोषित मिलने पर टीम ने परिजनों से बच्चे को एनआरसी सेंटर में भर्ती कराने की बात कही। जिस पर परिजनों ने इन्कार कर दिया। डॉ. आशीष मिश्रा ने जुड़वा बच्चों को बेहतर उपचार के लिए एनआरसी सेंटर में भर्ती कराने के लिए जागरूक किया। उसके बाद परिजन राजी हुए। टीम ने दोनों बच्चों को एनआरसी सेंटर में भर्ती कराया है। (संवाद)