ग्रीनपार्क में चल रहे देवधर ट्राफी क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच इंडिया ए ने जीत लिया। विजेता टीम ने इंडिया बी टीम को 87 रन से हराते हुए ट्राफी पर कब्जा किया। इंडिया ए के लिए 100 रन बनाने वाले फैज फजल को मैन आफ दि मैच चुना गया।
मुरली विजय 69 और नाबाद केदार जाधव ने 58 रन जोड़े। ए टीम के शहबाज नदीम ने तीन, कृष्ण दास ने दो, एस अरविंद ने दो विकेट चटकाए। फाइनल मुकाबले में इंडिया ए के कप्तान अंबाती रायडू ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया।
ओपनर फैज फजल और मुरली विजय ने टीम को शानदार शुरुआत दी। पहले विकेट के लिए दोनों ने 162 रन की साझेदारी निभाई। 69 रन बनाकर मुरली विजय के रूप में टीम का पहला विकेट गिरा। दूसरा झटका नमन ओझा के रूप में लगा।
नमन तीन रन बनाकर आउट हुए। कप्तान अंबाती रायडू 21 और सुदीप चटर्जी 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आए केदार जाधव ने 39 गेंदों पर दो छक्के और चार चौकों की मदद से 58 रन बनाकर टीम को 286 के अच्छे स्कोर पर पहुंचा दिया।
जवाब में खेलने उतरी इंडिया बी टीम की शुरुआत ही खराब रही। उन्मुक्त चंद को 8 रन पर एस अरविंद ने एलबीडब्लयू कर दिया। स्कोर बोर्ड 12 रन पर था कि मयंक अग्रवाल को कृष्णदास ने तीन रन पर आउट किया।
इसके बाद आए बाबा अपारजित शून्य पर आउट हो गए। इंडिया बी के पांच विकेट 54 रन पर गिर गए थे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव 45 रन और स्टुअर्ट बिन्नी ने 60 रन बनाकर कुछ जोर लगाया, लेकिन बाद के विकेट गिरते रहे। टीम 40.4 ओवर में 199 रन बनाकर आल आउट हो गई।
टपकाए कैच पर जीत गए मैच
इंडिया ए की टीम ने मैच के दौरान तीन कैच टपकाए। जब उन्मुक्त चंद 5 रन के स्कोर पर थे तब कृष्ण दास की गेंद पर मुरली विजय ने स्लिप पर कैच छोड़ दिया। उन्मुक्त जीवनदान का लाभ नहीं उठा सके। इसी तरह मयंक अग्रवाल का कैच 2 रन के स्कोर पर एस अरविंद ने छोड़ दिया। सूर्य कुमार यादव को भी 19 रन पर जीवन दान मिला। हालांकि इंडिया बी टीम के खिलाड़ियों को मिला जीवनदान उन्हेें जीत नहीं दिला सका।