गोविंद नगर में महिला से नाबालिगों ने पर्स लूट लिया। महिला के शोर मचाने पर हड़बड़ाए नाबालिग बाइक समेत गिर गए और फिर पकड़े जाने के डर से सीधे थाने जा पहुंचे।
11 ब्लाक निवासी कारोबारी सुनील सेठी की पत्नी ज्योति ने पुलिस को बताया कि वह बाजार से लौटकर घर के दरवाजे के पास पहुंची कि पीछे से आए बाइक सवार झपट्टा मारकर हाथ में लिया पर्स छीनकर भागे। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो बाइक सवार हड़बड़ाकर बाइक समेत गिर गए।
दोनों बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। 100 नंबर की सूचना पर फोर्स थाने से निकल ही रही थी कि दोनों नाबालिग रोते हुए थाने पहुंचे। इनमें एक 10वीं, दूसरा 8वीं का छात्र था। दोनों ने पुलिस को बताया कि बाइक चलाते समय महिला का पर्स उसके साथी के हाथ में फंस गया।
लूट की बात गलत है। थाने पहुंची ज्योति ने भी तहरीर देने से मना कर दिया। इस पर पुलिस ने नाबालिगों के घर वालों को बुलाकर चेतावनी देते हुए उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि बाइक सीज कर दी गई है।