स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा स्टाइल मास्क की जबरदस्त मांग है। बाजार में अब तक ऐसे 50 हजार मास्क बिक भी चुके हैं। व्यापारी 15 अगस्त तक एक लाख से अधिक पीस बिकने का अनुमान जता रहे हैं। इसी तरह तिरंगा टोपी की भी अच्छी मांग है। इस बार चीन का बना ऐसा कोई उत्पाद बाजार में नहीं है।
स्वतंत्रता दिवस पर झंडों के अलावा सबसे अधिक बैज, हाथ में पहने जाने वाले बैंड, पगड़ी आदि की बिक्री होती है। लेकिन कोरोना के चलते इस बार इनकी डिमांड कम है। इनकी जगह अलग-अलग तिरंगा स्टाइल के मास्क युवाओं को खूब लुभा रहे हैं।
शहर के मेस्टन रोड, शिवाला, गोविंद नगर बाजार में इनकी अच्छी बिक्री हो रही है। मेस्टन रोड के विक्रेता मोहम्मद अकरम ने बताया कि इन मास्क पर तिरंगा नहीं बना है बल्कि अलग-अलग हल्के रंग के शेड दिए गए हैं।
किसी में इंडिया लिखा है तो किसी में हैप्पी इंडीपेंडेंस डे लिखा है। कहा कि इस बार मास्क अधिक बिक रहे हैं। इनकी कीमत 15-20 रुपये प्रति पीस है। शिवाला बाजार में इस काम से जुड़े राजन ने बताया कि इस तरह के मास्क के अलावा तिरंगा टोपी की भी अच्छी मांग है।
कपड़े की क्वॉलिटी के अनुसार यह 30 रुपये से लेकर 50 रुपये प्रति पीस में बिक रही हैं। मास्क में भी अच्छे कपड़े का इस्तेमाल हुआ है। शहर भर में ऐसेकरीब 50 हजार मास्क बिक चुके हैं। बाहरी जिलों में भी इनकी अच्छी डिमांड हो रही है।