कानपुर ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच का पहला दिन डेब्यू करने वाले बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के नाम रहा। सात चौके और दो छक्के लगाकर श्रेयस ने नाबाद 75 रन बनाए। उन्होंने रवींद्र जडेेजा (नाबाद 50 रन) के साथ मिलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पहले दिन भारतीय टीम ने चार विकेट खोकर 258 रन बनाए।
सुबह कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मयंक अग्रवाल और शुभमन गिल की जोड़ी मैदान पर उतरी। काइल जेमिसन ने 8वें ओवर में मयंक को आउट कर दिया। अग्रवाल ने 13 रन बनाए। इसके बाद गिल ने चेतेश्वर पुजारा के साथ मोर्चा संभाला।
लंच के पहले तक दोनों ने टीम का स्कोर धीरे-धीरे बढ़ाया। लंच के बाद गिल 52 रन बनाकर आउट हो गए। जेमिसन ने उन्हें चलता किया। इसके बाद आए कप्तान रहाणे पुजारा के साथ मिलकर टीम का स्कोर सौ के पार ले गए। टीम ने अभी तक 103 ही रन बनाए थे कि साउदी ने पुजारा को आउट कर दिया। उन्होंने 26 रन बनाए।
फिर श्रेयस ने रहाणे के साथ मिलकर टीम का स्कोर 145 पर पहुंचाया। इसी स्कोर पर 35 रन पर पहुंचे रहाणे को जेमिसन ने बोल्ड कर दिया। फिर आए जडेजा ने अय्यर के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी करते हुए 113 रन जोड़े। इसी बीच फ्लड लाइट जलने के बाद भी कम रोशनी को देखते हुए मैच 84 ओवर में ही रोक दिया गया।