आयकर विभाग ने पान मसाला बनाने वाली कंपनी एसएनके ग्रुप के यहां बुधवार को छापा मारा। कानपुर नगर स्थित आवास, गोदाम, फैक्ट्री समेत नोएडा, दिल्ली, उरई में एक साथ 19 ठिकानों पर जांच पड़ताल शुरू की गई। इस कार्रवाई में करीब 120 अधिकारी-कर्मचारी 80 पुलिस के जवान शामिल हैं।
समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई कर चल रही थी। जांच में पता चला है कि पान मसाला के अलावा इनका रियल इस्टेट का भी बड़ा कारोबार है। बोगस कंपनियों के जरिये 100 करोड़ के लोन के हेरफेर का भी पता चला है। बड़े पैमाने पर कर चोरी के दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें विभाग की टीम ने जब्त कर लिया है।
बोगस कंपनियों में एक का नाम एजे सुगंधि है। प्रधान आयकर निदेशक जांच के निर्देश पर बुधवार सुबह सात बजे कंपनी के संचालक नवीन कुरेले और प्रवीण कुरेले के स्वरूप नगर स्थित आवास, काकादेव, किदवई नगर, पांडु नगर, एक्सप्रेस वे, कलक्टर गंज स्थित ऑफिस, पनकी में तीन फैक्ट्रियों, उरई में स्थित एक फैक्ट्री, नोएडा में दो जगह, दिल्ली में सात जगह छापेमारी की गई।
इससे पूरे समूह में हड़कंप मच गया। सूत्रों ने बताया कि कंपनी पान मसाला के अलावा रियल इस्टेट डेवलपर के तौर पर भी काम करती है। दिल्ली और नोएडा में बड़ा कारोबार है। नवीन कुरेले का एक भाई दिल्ली में रहता जो रियल इस्टेट कारोबार संभालता है।