शहर के बडे़ चमड़ा कारोबारियों में शुमार मॉडल और सुल्तान टेनरी के संचालकों ने शनिवार को आयकर अफसरों के सामने 55 करोड़ रुपये की अघोषित आय स्वीकार कर ली है। इसके साथ ही जांच टीम टेनरी संचालकों के सभी ठिकानों से लौट गई है।
प्रधान आयकर निदेशक (जांच) अमरेंद्र कुमार के निर्देश पर बुधवार को 200 से ज्यादा आयकर अफसरों ने मॉडल टेनरी के मालिक मरघूप आलम और सुल्तान टेनरी समूह के मालिक तनवीर व तौफीक आलम के 18 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा था। ये सभी ठिकाने कानपुर के जाजमऊ और उन्नाव के बंथर में स्थित हैं।
80 घंटे चली जांच में आयकर अफसरों को कारोबारियों के ठिकाने से बेशुमार दौलत मिली है। अफसर इनकी संपत्तियों का मूल्यांकन कर रहे हैं। आयकर विभाग के सूत्र बताते हैं कि कारोबारियों के सभी परिसरों से जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच जारी रहेगी। इनमें बड़ी अनियमितताएं मिलने की आशंका है।
टेनरी संचालकों ने शुुरुआती जांच में 55 करोड़ रुपये की अघोषित आय स्वीकारी है। लॉकर, संपत्तियों के कागजातों की जांच में अनियमितता मिलने पर टैक्स की वसूली, जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक12.50 किलो सोना, 96 लाख रुपये कैश, 32 महंगी विदेशी कारें, 06 संपत्तियों के कागजात, 05 लॉकर बरामद हाे चुके हैं।
सुल्तान कंपाउंड में टेनरी संचालक के भाई महताब आलम का बंद कमरा शनिवार को खोला गया। पूरे कमरे की तलाशी में तीन लाख रुपये कैश मिले। उधर, मरघूप आलम का एक भाई मोहिद आलम शुक्रवार को रात को विदेश से लौट आया। अफसरों ने सुबह उससे पूछताछ की। दो अन्य भाइयों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।