कुपवाड़ा में शहीद हुए कैप्टन आयुष यादव के नाम पर कानपुर साउथ में गोविंदपुरी के पास बने नये पुल का उद्घाटन मंगलवार को होगा। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या इस पुल का उद्घाटन करने वाले हैं। सोमवार को पुल के उद्घाटन की तैयारियां जोरों-शोरों से चलती रहीं। बताते चलें कि शनिवार को डीएम सुरेंद्र सिंह ने निरीक्षण के दौरान पुल में कई जगहों पर घटिया निर्माण की पोल खोलते हुए कंस्ट्रक्शन कंपनी के लोगों को जमकर फटकार लगाई थी। यही नहीं उन्होंने खुद अलग-अलग जगह पर नये पुल की हालत देखी तो पता चला कि तारकोल और गिट्टियां अभी से निल रही हैं। स्लैब की भी हालत उस समय सही नहीं थी। जिससे ये संभावना जताई जा रही थी कि पुल के उद्घाटन की डेट शायद और आगे भी बढ़ सकती है। लेकिन डीएम की डांट का असर ये रहा कि तेजी से पुल की मरम्मत कराई गई। दोबारा गिट्टियां और तारकोल बिछाया गया।
शहीद आयुष के माता-पिता भी होंगे मौजूद
कैप्टन शहीद आयुष यादव सेतु के पास लगीं होर्डिंग्स
पुल का नाम कुपवाड़ा शहीद आयुष यादव के नाम पर रखा गया है। शहीद के मात-पिता भी पुल के उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मंच पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ बीजेपी बड़े नेता और विधायक भी आ रहे हैं। पुल के खंभों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं के बैनर-पोस्टर लग चुके हैं। पुल के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए पीएनबी बैंक फर्नीचर मार्केट की तरफ से मंच बनाया जा रहा है।
कानपुर में डिप्टी सीएम करेंगे समीक्षा बैठक
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या
शहीद आयुष यादव पुल के उद्घाटन के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या अफसरों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी करेंगे। उप मुख्यमंत्री नौ मई को लखनऊ से सुबह नौ बजे लखनऊ से हेलीकॉप्टर से कानपुर के लिए आएंगे। सबसे पहले वह शहीद आयुष यादव के डिफेंस कालोनी लालबंगला स्थित आवास पर जाएंगे। इसके बाद गोविंदपुरी पुल का उद्घाटन करेंगे। एडीएम सिटी केपी सिंह ने बताया कि पुल के उद्घाटन के बाद उप मुख्यमंत्री जिले के विकास कार्यों के संबंध में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद उप मुख्यमंत्री दोपहर दो बजे फर्रुखाबाद जाएंगे।