कानपुर में घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के परास गांव में रविवार को पुरानी रंजिश में युवक ने गांव के ही एक शख्स की कुल्हाड़ी से काटकर नूशंस हत्या कर दी। वारदात से गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। जिसको देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में सर्विलांस, स्वाट और क्राइम ब्रांच को लगाया गया है। परास गांव निवासी फरमान(40) गांव में तास खेल रहा था। दोपहर बाद करीब तीन बजे वहां पर गांव निवासी बड़कऊ सविता कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुरानी खुन्नस को लेकर बड़कऊ फरमान से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करते ही उसने फरमान पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिये। फरमान को मरणासन्न कर वह भाग निकला। ग्रामीणों ने तुरंत लहूलुहान फरमान सीएचसी पहुंचाया।
यहां से उसे डॉक्टरों ने हैलट रेफर कर दिया। हैलट के डॉक्टरों ने फरमान को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। गांव में तनाव की स्थिति पैदा न हो इसके लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ रवि सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। उसके परिचितों से पूछताछ कर उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।