पुलिस द्वारा पकड़ी गई इनोवा कार और गिरफ्तार किए गए आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बांदा जिले में लाल-नीली बत्ती और ‘एसपी’ लिखी कार को पुलिस ने पकड़कर उसे चला रहे वर्दीधारी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया। कार पर सवार दो अन्य लोग भी धरे गए। कांस्टेबल के पास 0.32 बोर पिस्टल और मैग्जीन व कारतूस बरामद हुए हैं। कार के पीछे दो ट्रक भी चल रहे थे। कांस्टेबल ने बताया कि इन ट्रकों में गिट्टी भरवाने जा रहा था।
शनिवार को मीडिया को अपर पुलिस अधीक्षक एलबीके पाल ने बताया कि गुरुवार की रात मटौंध थाना इंसपेक्टर शशि कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। रात करीब 12 बजे बांदा की तरफ से आई इनोवा कार को रोका गया। इस कार की छत पर लाल-नीली बत्ती लगी थी। पीछे के शीशे पर पुलिस और पुलिस का मोनोग्राम तथा अंग्रेजी में एसपी लिखा हुआ था। कार को प्रदीप कुमार सिंह चला रहा था। वह पुलिस वर्दी में था।
उसने पुलिस को बताया कि यह कार उसकी पत्नी के नाम है। लाल बत्ती और पुलिस इसलिए लिखवाया कि कार के पीछे दो ट्रक आ रहे हैं। उन्हें गिट्टी भरवाने कबरई ले जा रहा है। पुलिस ने इन दोनों ट्रकों को भी सीज कर दिया। प्रदीप के पास 0.32 बोर का पिस्टल और 23 कारतूस तथा दो मैग्जीन बरामद हुई। कार पर दो और लोग थे।
यह लोग एक दिन पूर्व सिविल लाइन चौकी पुलिस से भी उलझ गए थे
पुलिस द्वारा पकड़ी गई इनोवा कार
- फोटो : अमर उजाला
उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इनमें अजीत कुमार पुत्र रवींद्रनाथ निवासी पलरिहा, थाना विंडमगंज जिला सोनभद्र और अवधेश सिंह पुत्र प्रहलाद सिंह निवासी ग्राम पारा थाना नरवल, कानपुर नगर शामिल हैं। अपर एसपी ने बताया कि कार सवार यह लोग एक दिन पूर्व सिविल लाइन चौकी पुलिस से भी उलझ गए थे।
यह भी बताया कि पकड़ा गया प्रदीप सिंह झांसी में तैनात है। उसका ट्रांसफर लखनऊ हो गया है, लेकिन वहां अभी ज्वाइन नहीं किया है। पूर्व में भी वह आर्मी में रह चुका है। अपर एसपी ने बताया कि तीनों के विरुद्ध 419, 420, 327, 34, 170, 500 आईपीसी और 3/25 आम्र्स एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।